सिलागाई में अमर शहीद वीर बुधु भगत को दी श्रद्धांजलि
रांची. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति डॉ0 रामेश्वर उरांव ने रांची के चान्हो प्रखंड स्थित सिलागाई गांव पहुंच कर अमर शहीद वीर बुधु भगत को श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर विधायक बंधु तिर्की और आयोजन समिति के अध्यक्ष दिवाकर मिंज भी उपस्थित थे. इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा-मछली खियाबे तो खियाबे, डह नीं बताबे, यानी अतिथियों को मछली जरूर खिलाये, लेकिन किस तालाब से लाये है, यह न बताएं.
इस मौके पर समारोह को संबोधित करते हुए डॉ0रामेश्वर उरांव ने कहा कि 1832 में लरका विद्रोह के नायक रहे शहीद वीर बुधु भगत ने जनजातीय समाज में नयी चेतना भरने का काम किया था. उन्होंने कहा कि ब्रिटिश शासन में जमींनदारों को बसाने की कोशिश शुरू हुई, तो वीर बुधु भगत के नेतृत्व में इलाके में आंदोलन की शुरुआत हुई, इसे कोल विद्रोह के रूप में जाना जाता है. उन्होंने कहा कि वीर बुधु भगत को इतिहास में वह जगह नहीं मिली, जिसके वे वास्तविक हकदार थे. वीर बुधु भगत अपने दो वीर पुत्रों हलधर और गिरधर तथा दो बेटियां रूनकी और झुनकी के साथ अंग्रेजों से लोहा लेते हुए शहीद गति को प्राप्त किया था.
वित्तमंत्री ने कहा कि गठबंधन सरकार अपने हर वायदे को पूरा करने में जुटी है, मनरेगा की मजदूरी तरह बढ़ाकर 250 रुपये कर दिया गया है, इसका लाभ अप्रैल महीने से मिलने लगेगा, जबकि विधवा पेंशन वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि को भी बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है, पेंशन राशि बढ़ाने से लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी और राज्य की अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी.

