रांची: राज्य के खूंटी, गिरिडीह, लातेहार और धनबाद जिलों में आज अलग-अलग हादसों में नौ लोगों की मौत हो गयी. खूंटी -सिमडेगा मुख्य सड़क मार्ग पर आज ट्रक, स्कूटी और मोटरसाईकिल के बीच हुई टक्कर में दो लोगो की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि एक महिला समेत चार लोग घायल हो गये. घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घंटों सड़क जाम रखा, बाद में पुलिस-प्रषासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद जाम हटा लिया गया. इधर, गिरिडीह जिले के गांवा थाना क्षेत्र से पुलिस ने आज कुएं से एक महिला और उसके पुत्र का शव बरामद किया. लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र के पांडेयपुरा गांव में चार वर्षीय बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई. इसी थाना क्षेत्र के सुकरी नदी से आज एक अज्ञात वृद्ध के शव को बरामद किया गया, जबकि जिले के ही बालूमाथ थाना ऑटो के असंतुलित होकर पलट जाने से उस पर सवार एक पचास वर्षीय महिला और उसके पांच वर्षीय पोते ही मौत हो गयी. जबकि धनबाद जिले में टुंडी थाना अंतर्गत संग्रामडीह के पास आज सुबह सड़क दुर्घटना में ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई.

