-
15 दिनों में परिवार के छह सदस्यों की मौत से पूरा परिवार तबाह
रांची: झारखंड में धनबाद जिले के कतरास स्थित रानी बाजार में रहने वाले एक परिवार ही परिवार के छठे सदस्य की सोमवार को कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गयी. 15 दिनों में इस परिवार के छठे सदस्य की मौत हुई. पहले मां और फिर एक-एक कर पांच बेटों की मौत होने से पूरा परिवार तबाह हो गया है.
मृतका महिला के छठे बेटे के अलावा परिवार के कई अन्य सदस्यों की भी तबीयत खराब बतायी जा रही है. देश में अपने तरह की संभवतः यह इकलौती मनहूस घटना है, जिसमें कोरोना से एक परिवार के छह लोगों की मौत हुई होगी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार चार जुलाई को पहले 88वर्षीय मां का बोकारो के एक नर्सिंग होम में निधन हो गया. शव की जांच से पता चला कि वह कोरोना पॉजिटिव थी. उसके बाद एकबेटे की रांची के रिम्स कोविड अस्पताल में मौत हो गयी.
कुछ दिन बाद दूसरे बेटे का केंद्रीय अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. मौत का तांडव यही नहीं रुका, तीसरा बेटा धनबाद के एक निजी कोरेन्टीन सेंटर में भर्त्ती था, वहीं एकाएक तबीयत ऐसी बिगड़ी कि सीधे मौत के मुंह में समां गया. उनके ड्राइवर उन्हें पीएमसीएच ले गये, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
16 जुलाई को चौथे बेटे का भी टीमएच जमशेदपुर में कैंसर बीमारी के इलाज के दौरान निधन हो गया. पांचवां बेटा भी धनबाद के कोविड अस्पताल में रेफर करने के बाद रिम्स रांची में भर्त्ती था, जहां सोमवार को उसने अंतिम सांस वृद्धा के छह बेटे थे, जिसमें से वृद्धा और पांच बेटों की मौत हो गयी है. वहीं परिवार के कई अन्य सदस्य भी इलाजरत है. इस परिवार के दुःखों के बारे में जो भी सुन रहा है, उसका कलेजा फट जा रहा है.
बताया गया है कि जून महीने में महिला दिल्ली से शादी समारोह में भाग लेने के लिए कतरास स्थित अपने घर आयी थी, लेकिन तबीयत बिगड़ने के बाद उसे बोकारो के एक निजी अस्पताल में भर्त्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गयी और मौत के बाद कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आयी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले महीने शादी की शाहनाई की गूंज से घर में खुशनुमा माहौल था. हंसता-खिलखिलाता परिवार धूम-धड़ाका मस्ती की खुशियों में मग्न था, लेकिन एक पखवाड़े के अंदर इस परिवार में मौत ने बवंडर की तरह ऐसा कोहराम मचाया कि देखते ही देखते सबकुछ उजड़ गया.
वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण काल में परिवार के छह सदस्यों की दुःखद अकाल मृत्यु हो चुकी है, पूरा परिवार कोरोना वायरस से तबाह हो चुका है.

