नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-51 के केंद्रीय विहार इलाके में एक लड़की सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी मिली. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. होश आने पर पीड़िता ने पुलिस को जो वजह बताई उसे सुनकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए. दरअसल, पीड़िता ने बताया कि उसके साथ पांच युवकों ने गौतमबुद्धनगर इलाके में गैंगरेप किया और यहां लाकर फेंक गए.
शुक्रवार को सेक्टर 51 थाने की पुलिस को सूचना मिली की एक लड़की केंद्रीय विहार इलाके में घायल अवस्था में सड़क के किनारे पड़ी हुई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने लड़की को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.
पीड़िता ने पुलिस को तीन आरोपियों के नाम भी बताए हैं. वहीं, पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस की मानें तो घटना क्षेत्र गौतमबुद्धनगर है. इसलिए मामले को यहां ट्रांसफर कर दिया गया है. फिलहाल पीड़िता का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

