लखनऊ: यूपी के गाजियाबाद में अपराधियों के हमले में घायल पत्रकार की मौत के बाद सियासी तूफान खड़ा हो गया है. पत्रकार विक्रम जोशी की बुधवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
सोमवार रात अपराधियों ने सरेआम उनके सिर में गोली मारी थी. हमले के समय उनकी दो बेटियां भी उनके साथ थीं. इसके बाद उन्हें यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन गंभीर रूप से घायल विक्रम को बचाया नहीं जा सका.
उधर घटना के बाद बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट कर योगी सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि पूरे यूपी में गंभीर अपराधों की बाढ़ लगातार जारी है. स्पष्ट है कि जंगलराज चल रहा है.
बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट किया है, ‘पूरे यूपी में हत्या व महिला असुरक्षा सहित जिस तरह से हर प्रकार के गंभीर अपराधों की बाढ़ लगातार जारी है.
उससे स्पष्ट है कि यूपी में कानून का नहीं बल्कि जंगलराज चल रहा है, अर्थात यूपी में कोरोना वायरस से ज्यादा अपराधियों का क्राइम वायरस हावी है. जनता त्रस्त है. सरकार इस ओर ध्यान दे.’

