रांची: राज्य के स्वास्थ्य सचिव के. के. सोन ने कहा कि झारखंड के गिरिडीह और खूंटी में दो मेडिकल कॉलेज खुलेंगे. इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गयी. इसी वित्तीय वर्ष में इसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य फोकस ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करना है.
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि सरकार का मुख्य फोकस ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने पर है. स्वास्थ्य सेवाएं ग्रामीण क्षेत्र में सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से चल सकें, इसके लिए कार्ययोजना तैयार की गई है.
सरकार का फोकस ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं पर है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को मुहैया कराने में आने वाले समस्याओं का निष्पादन ही हमारी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतरी के लिए पत्रकारों के अनुभव को उपयोग में लाया जाएगा साथ ही क्षेत्रवार स्वास्थ्य समस्याओं को इंगित करती हुई खबरों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ विभाग कार्यवाही करेगा.
इस दौरान उन्होंने कोरोना वेक्सीन, रिम्स में स्वास्थ्य सुविधाओं, हेल्पलाइन न. की सक्रियता निय़मित करने से संबंधित सवालों पर विचार-विमर्श किया. उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सरकार का लक्ष्य है.

