रांची: झारखंड में तबलीगी जमात में शामिल विदेशी नागरिकों को जेल भेजा जाएगा. पुलिस उनके स्वास्थ्य संबंधित रिपोर्ट के इंतजार में है. अगर वह क्वारंटाइन के बाद पूरी तरह से स्वस्थ मिलेंगे तब उन्हें कानून के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा.
मामले को लेकर रांची जमशेदपुर और धनबाद पुलिस कानूनी राय भी ले चुकी है. अब उनके क्वारंटाइन पीरियड खत्म होने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि उनके स्वास्थ्य की फिर से जांच हो सके.
जांच में वह कोरोना वायरस के खतरे से बाहर मिलेंगे तब उन्हें जेल भेज दिया जाएगा. झारखंड में तबलीगी जमात से जुड़े 38 विदेशी नागरिक और 5 भारतीय हैं. इनके खिलाफ रांची, जमशेदपुर और धनबाद में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
इन पर वीजा नियमों का उल्लंघन करने, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत महामारी नियमों का उल्लंघन, लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं करने, टूरिस्ट वीजा पर आकर धर्म का प्रचार प्रसार करने आदि का आरोप लगाया गया था.
उल्लेखनीय है कि रांची की हिंदपीढ़ी में 17 विदेशी नागरिक और एक भारतीय, जमशेदपुर के मुसाबनी में 11 विदेशी नागरिक और धनबाद के गोविंदपुर थाने में 10 विदेशी सहित 14 लोग पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
मालूम हो कि झारखंड से सटे बिहार राज्य में 40 तबलीगी जमात समेत 49 विदेशियों को जेल भेजा जा चुका है.

