बिहार(पटना): सोमवार से ही विदेशी तबलीगी जमातियों को जेल भेजने का सिलसिला शुरू हुआ है. सोमवार को पटना में 17 जमाती जेल भेजे गए तो मंगलवार देर रात तक समस्तीपुर में 9, किशनगंज में 10, बक्सर में 11 और अररिया में 18 विदेशियों को जेल भेजा गया.
बता दें कि किशनगंज से तबलीगी जमात के 11 विदेशियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें 10 इंडोनेशिया से और एक मलेशिया से है. इन्हें अभी रात को सीजीएम कोर्ट में लाया गया, जहां से सभी विदेशी जमाती को जेल भेज दिया गया.
एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी ने बताया कि सभी का वीजा जब्त कर विदेशी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. इससे पहले बिहार के बक्सर में तबलीगी जमात से जुड़े 11 विदेशियों को बक्सर पुलिस ने मंगलवार शाम को जेल भेजा था. इनमें 4 मलेशिया और 7 इंडोनेशिया के रहने वाले हैं. वीजा के नियमों के उल्लंघन करने पर इन्हें जेल हुई. नई भोजपुर के एक मस्जिद में सभी रह रहे थे.
सोमवार को पटना में भी 17 तबलीगी जमात से जुड़े लोगों को जेल भेजा गया था. इन पर भी वीजा के नियमों के उल्लंघन का मामला था. मंगलवार की ही शाम को अररिया से 18 विदेशी गिरफ्तार हुए, जिनमें 9 बांग्लादेश और 9 मलेशिया के हैं. सभी तबलीगी जमात से लौटे थे और इन पर भी वीजा उल्लंघन का मामला था.
जबकि समस्तीपुर से 9 बांग्लादेशी नागरिक सहित मकान मालिक पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. सभी बांग्लादेशी नागरिक और मकान मालिक को जेल भेजा गया है. समस्तीपुर पुलिस ने धरमपुर से एक मकान से बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया था. 29 फरवरी को हिरासत में लेकर कोरेंटिन सेंटर में रखा गया था.
जानें कब-कब हुए गिरफ्तार:
मंगलवार देर रात तक समस्तीपुर में 9 गिरफ्तार-
समस्तीपुर में पुलिस ने दिल्ली के निजामुद्दीन की तब्लीगी जमात में शामिल होने के बाद समस्तीपुर आए 9 बांग्लादेशी समेत 11 को पकड़ा है. इन सभी को मेडिकल टीम और समस्तीपुर पुलिस ने बुधवार को शहर के धर्मपुर मोहल्ला से लाकर आइसोलेशन के लिए होटल डबल ट्री में रखा है. इन 11 लोगो में एक उत्तर प्रदेश के मेरठ और दूसरा झारखंड के साहेबगंज का रहने वाला है.
किशनगंज में 10 गिरफ्तार-
किशनगंज में पुलिस ने तबलीगी जमात से जुड़े 11 विदेशी नागरिकों को वीजा नियमों का उल्लंघन करने के मामले में मंगलवार शाम गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने मंगलवार को बताया कि ये सभी पर्यटन वीजा पर यहां आए थे. वीजा नियमों का उल्लंघन किये जाने और किशनगंज आने की स्थानीय पुलिस को जानकारी नहीं देने के मामले में इन विदेशी नागरिकों के विरुद्ध सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.
उन्होंने कहा कि 31 मार्च को इनकी चिकित्सकीय जांच कराई गई थी जिसकी रिपोर्ट चार दिनों के बाद आयी और जांच में इन सभी में कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं पाया गया था.
बक्सर में 11 गिरफ्तार-
बक्सर में वीजा के गलत इस्तेमाल के आरोप में 11 तबलीगी जमातियों को जेल भेजा गया. बक्सर पुलिस कप्तान ने कहा कि इन सभी को 23 मार्च को भोजपुर के मस्जिद से गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी. अब इन्हें वीजा के गलत इस्तेमाल को लेकर जेल भेज दिया गया है.
वैश्विक महामारी घोषित हो चुका कोरोनावायरस (Covid-19) ने जहां पूरे देश समेत विश्व के कई राज्यों में आतंक मचा रखा है, ऐसे में दिल्ली के निजामुद्दीन के मरकज में भारी संख्या में तबलीगी जमातियों के मिलने से पूरे देश मे हड़कंप मच गया. जिसके मद्देनजर पूरे देश में इनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गयी.
अररिया में 18 गिरफ्तार-
अररिया जिला में वीजा के नियमों का उल्लंघन के आरोप में तब्लीगी जमात से जुडे 18 विदेशियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधीक्षक धूरत सायली ने बताया कि गिरफ्तार किए गए विदेशियों में नौ मलेशियाई और नौ बांग्लादेशी शामिल हैं.

