नई दिल्ली:– कोरोना वायरस संक्रमित कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की बृहस्पतिवार को तबीयत अचानक बिगड़ जाने पर उन्हें एयर एम्बुलेंस से दिल्ली के एम्स पहुंचाया गया. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने यह जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की और कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की तबीयत अचानक बिगड़ जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली एम्स रेफर किया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पर उन्होंने अधिकारियों को हरीश रावत को एयर एम्बुलेंस उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए. रावत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को एयर एंबुलेंस से दिल्ली के एम्स अस्पताल पहुंचाया गया. पूर्व मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु की प्रार्थना करते हुए रावत ने कहा कि उन्होंने दिल्ली के स्थानिक आयुक्त को एम्स प्रबंधन और चिकित्सकों से समन्वय कर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं.

