रांची:- राज्य के पूर्व मुख्य सचिव पीपी शर्मा का सोमवार को निधन हो गया है. पिछले दिनों को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हे दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बताया गया है कि उनकी पत्नी अभी भी कोरोना संक्रमित हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. पूर्व मुख्य सचिव पीपी शर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है.
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखण्ड राज्य के पूर्व मुख्य सचिव पी.पी शर्मा के निधन पर दुःख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है. कृषि मंत्री बादल ने भी झारखण्ड राज्य के पूर्व मुख्य सचिव पी.पी शर्मा के निधन पर दुःख व्यक्त किया है. बादल ने कहा की ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और इस दुख की घड़ी में परिजनों को दुख सहने की शक्ति दें.
पीपी शर्मा ने दो बार झारखंड के मुख्य सचिव की जिम्मेवारी संभाली थी. दिसंबर 2004 से जनवरी 2006 और अगस्त 2007 से फरवरी 2008 तक दो बार उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव का पदभार संभाला था.

