रांचीः मोमेंटम झारखंड से राज्य का नाम विश्वपटल पर ऊंचा हुआ है. इसके माध्यम से देश-दुनिया के निवेशकों ने जाना की झारखंड में भी निवेश किया जा सकता है. यहां सरकार, संसाधन और आधारभूत संरचना की स्थिति अच्छी है. उक्त बातें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहीं. उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई है. पूरा कार्यक्रम पारदर्शी ढंग से हुआ.
कई कंपनियों ने झारखंड में निवेश किया है, इससे बड़ी संख्या में झारखंड के बच्चे-बच्चियों को रोजगार मिला है. किसी चीज की शिकायत कोई भी कर सकता है. सरकार उनकी है, जांच करा लें. यह आयोजन पारदर्शी ढंग से हुआ है. सांच को आंच क्या? रघुवर दास शुक्रवार को मीडिया के पूछने पर उक्त बातें कहीं.
इससे पहले झारखंड के पूर्व न्यायाधीश व झारखंड आंदोलनकारी रहे एलपीएन शाहदेव की पुण्यतिथि पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन में जस्टिस शाहदेव का योगदान भुलाया नहीं जा सकता है. उन्होंने हमेशा झारखंड और झारखंडवासियों की भलाई के लिए ही काम किया.

