रांची : झारखंड के पूर्व डीजीपी डीके पांडे के लिए यह राहत की खबर है. सिविल कोर्ट में चल रहे प्रताड़ना के मामले में डीके पांडे और उनकी बहू के बीच सुलह के आसार नजर आ रहे हैं. सोमवार को कोर्ट में डीके पांडे और उनके बेटे शुभंकर पांडे की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से सुलह की पेशकश की गयी. पूर्व डीजीपी की बहू रेखा ने इस मामले को मध्यस्थता केंद्र में भेजने की बात कही है. इसके बाद मामले को मध्यस्थता केंद्र भेज दिया गया है.
इस वाद में अपर लोक अभियोजक एके राय ने जानकारी दी है कि अदालत के द्वारा मध्यस्था के लिए 28 जुलाई की तिथि तय़ की गयी है. मध्यस्थता केंद्र में दोनों पक्षों के बीच जो भी निष्कर्ष निकलेगा, उसके बाद कोर्ट जमानत याचिका पर 3 अगस्त को सुनवाई करेगा.
गौरतलब है कि पिछले दिनों डीजीपी डीके पांडे की बहू रेखा मिश्रा ने अपने पति, ससुर और सास के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया था. इसमें रेखा ने अपने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना सहित कई गंभीर आरोप लगाये हैं.

