दुमका: भारतीय जनता पार्टी भाजपा की वरिष्ठ नेता, पार्टी की प्रदेश इकाई द्वारा गठित कोविड-19 हाईवे राहत कमेटी की संथालपरगना की प्रमंडलीय संयोजक एवं पूर्व मंत्री डाक्टर लोईस मरांडी ने प्रमंडल के सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय राहत कमेटी को पैदल अथवा अन्य यातायात साधनों से घर आने वाले प्रवासियों को हर तरह से सेवा और मदद करने का निर्देश दिया है.
पूर्व मंत्री डाक्टर मरांडी आज प्रमंडल के सभी जिला कमेटी अध्यक्षों और राहत कमेटी के सदस्यों से ऑनलाइन सम्पर्क कर कोराना-19 महामारी की वजह से पिछले लगभग डेढ़ माह से जारी लॉकडाउन के कारण विभिन्न राज्यों और जिले में फंसे संथालपरगना के विभिन्न जिले के प्रवासी मजदूर, छात्र एवं अन्य लोगों के पैदल अथवा अन्य यातायात साधनों से आने के मद्देनजर उनके बीच चलाये जा रहे राहत कार्य चलाये जाने के संबंध में जानकारी ली और कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए.
इसी क्रम में उन्होंने कहा कि संथालपरगना के प्रमंडल के सभी छह जिला अंतरराज्यीय सीमा से जुड़ा हैं. इसी क्रम में उन्होंने इन जिलों के मुख्य और ग्रामीणों पथों पर यातायात के साधन के अभाव में भारी तादाद में महिला, बच्चे व वृद्ध लोग पैदल अपने घर आने को विवश हैं. ऐसे में उनकी पार्टी के समर्पित कार्यकर्त्ताओं को अपने जनसेवा के दायित्व का निर्वहन करने के उद्देश्य से स्वयं को सुरक्षित रखने तथा सामाजिक दूरी के नियमों का अनुपालन करते हुए बाहर से आने वाले प्रवासियों को सहायता प्रदान करने का आह्वान किया.
उन्होंने प्रमंडल के सभी सीमावर्ती इलाकों के प्रखंड स्तर के कार्यकर्ताओं को जनसेवा कार्य से जोड़ने का निर्देश देते हुए ऐसे क्षेत्रों में शिविर लगा कर जरूरतमंद लोगों को भोजन, पानी, सूखा राशन, दवा,चप्पल, एम्बुलेंस इत्यादि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता स्वयं एवं प्रशासनिक सहयोग से सेवा कार्य को सुनिश्चित करें. ऑनलाइन आयोजित समीक्षा बैठक में सभी जिला कमेटी ने ऑनलाइन ने कल किये गए कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया. इसमें देवघर जिले से बुधवार को पचास से अधिक छात्रों को प्रशासनिक सहयोग से बस द्वारा सिल्ली भेजने के साथ गोड्डा जिले में पोड़ैयाहाट चेकपोस्ट फर मिर्गी रोग से पीड़ित व्यक्ति को पार्टी की टीम द्वारा गोड्डा सदर अस्पताल में भर्ती कराने, दुमका में टीम के सदस्यों द्वारा भागलपुर-कोलकाता मुख्य मार्ग पर पैदल आने वालों मजदूरों को भोजन कराने सहित अन्य राहत सुविधा मुहैया कराने के संबंध में जानकारी दी गई.
उन्होंने कहा कि प्रमंडल के सभी जिलों में मुख्य पथों पर टीम के सदस्यों द्वारा भोजन, पानी एवं सूखा राशन दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि टीम के सदस्य जरुरतमंद लोगों के लिए मुख्य पथों पर राशन, पानी, दवा, सैनिटाइजर एवं मास्क के साथ भ्रमणशील हैं.
इसके साथ ही टीम द्वारा कोराना वायरस संक्रमण से बचाव के मद्देनजर दूर दराज से आने वाले प्रवासियों को जागरूक भी किया जा रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को लॉकडाउन के नियम एवं प्रशासनिक निर्देशों का पूर्ण से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
ऑनलाइन बैठक में पार्टी की दुमका जिला कमेटी के अध्यक्ष निवास मंडल के साथ विभिन्न जिलों की सुकमुनी हेम्ब्रम, सोमनाथ सिंह, चंडी चरण देय, सुभाष प्रसाद, अजित सिंह, दिवाकर गुप्ता, बबली सिंह, गौरी यादव, मुकेश पाठक, गौरवकान्त, अमित रक्षित, प्रशांत कुमार सहित सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता शामिल थे.

