संवाददाता,
रांची: पलामू के पूर्व सांसद जोरावर राम ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है. आप पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में पूर्व सांसद को आप पार्टी की टोपी और पट्टा पहना कर प्रदेश अध्यक्ष जयशंकर चौधरी ने सदस्यता दिलायी. प्रदेश अध्यक्ष ने इस मौके पर कहा कि ईमानदार और अनुभवी राजनेता के पार्टी में शामिल होने का लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद ने अपने कार्यकाल में पलामू के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उन्होंने कहा कि आप पार्टी ने नयी दिल्ली में साढ़े चार वर्षों में विकास के नये आयाम गढ़े हैं. उन्होंने कहा कि जोरावर राम के आने से भाजपा के झूठ, लूट और भ्रष्टाचार के खिलाफ सच्चाई, ईमानदारी और विकास की राजनीति को बल मिलेगा.
मौके पर पूर्व सांसद ने कहा कि आप पार्टी में शामिल होने का उनका व्यक्तिगत निर्णय था. इसके लिए उन्हें पार्टी के अरविंद केजरीवाल से प्रेरणा मिली. उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि पलामू में स्वच्छ और बेहतर राजनीति फिर से स्थापित हो. उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा की जनविरोधी और निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने की आवश्यकता है. झारखंड के विकास के लिए दिल्ली की तरह यहां भी आम आदमी पार्टी के नेतृत्व की जरूरत है. मौके पर विधानसभा के प्रभारी कौशल किशोर बच्चन, आलोक शरण, पवन पांडेय, राजेश कुमार, प्रीतम मिश्रा समेत अन्य मौजूद थे.

