रांची: झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष व वरीय अधिवक्ता पीसी त्रिपाठी का आज सुबह निधन हो गया. उन्हें हृदय संबंधित बीमारी थी. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था. शनिवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली.
जानकारी के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर नामकुम स्थित चटकपुर आवास पर ले जाया जाएगा. जहां पर लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. उसके बाद शाम में स्वर्णरेखा नदी के तट पर उनकी अंत्येष्टि होगी. उनके बेटे जय शंकर त्रिपाठी भी हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं. पीसी त्रिपाठी के निधन के समाचार से अधिवक्ताओं में शोक की लहर है.
झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष अजीत कुमार, एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋतु कुमार, महासचिव नवीन कुमार व कोषाध्यक्ष धीरज कुमार सहित अन्य लोगों ने उनके निधन पर शोक जताया है. इन लोगों ने कहा कि पीसी त्रिपाठी बहुत ही सहज और सरल अधिवक्ता थे. सबसे बड़ी गर्मजोशी से मिलते थे. उनके निधन से झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने एक अभिभावक खो दिया है.

