-
एक देसी पिस्टल सहित तीन जिंदा कारतूस बरामद
संजीत कुमार,
देवघर: शनिवार अपराह्न करीब 2:00 बजे नगर थाना क्षेत्र के राम मंदिर रोड स्थित नगर निगम के पूर्व पार्षद सचिन चरण मिश्रा के घर के बाहर दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड हवाई फायरिंग करने के मामले में छापेमारी कर पुलिस ने घटना में संलिप्त चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों में कुंडा थाना क्षेत्र के हाथी पहाड़ निवासी कौशल जयसवाल, नगर थाना क्षेत्र के बेलाबागान निवासी सोनू दास उर्फ विकास कुमार, राम मंदिर रोड झौंसागढ़ी निवासी शिवानंद सिंह उर्फ छोटू और विवेक शाह उर्फ छोटू शामिल है.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्टल व तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किया है.
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.
बता दें कि शनिवार अपराह्न करीब 2:00 बजे के करीब पल्सर मोटरसाइकिल सवार युवकों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से राम मंदिर रोड स्थित नगर निगम के पूर्व पार्षद सचिन चरण मिश्रा के घर के समीप हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए थे.
घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी.
मामले में पुलिस ने घटना के महज 10 घंटे के भीतर ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर लिया गया है.

