रांची:- रांची जिला के माल न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर (MTCs) की जानकारी अब महज एक क्लिक पर मिल पाएगी. आज पोषण अभियान के अंतर्गत पोषण रांची ऐप का लोकार्पण किया गया. उपायुक्त रांची छवि रंजन ने समाहरणालय ब्लॉक ए स्थित उपायुक्त सभागार में ऐप का लोकार्पण किया. इस ऐप के माध्यम से माल न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर में कुपोषित बच्चों की देखभाल प्रणाली में सुधार और रिपोर्टिंग प्रणाली को आसान बनाने में मदद मिलेगी.
ज़िले के चार एमटीसी की मिलेगी रिपोर्ट
पोषण ऐप के लोकार्पण के बाद उपायुक्त रांची छवि रंजन ने बताया कि रांची जिले के चार माल न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर मांडर, बेड़ो, बुंडू और डोरंडा की रिपोर्ट इस ऐप के माध्यम से मिल सकेगी. उन्होंने बताया इस ऐप के जरिये एमटीसी में एडमिशन, डेली फॉलो अप, रियल टाइम डाटा, उपलब्ध बेड और एएनएम की ऑनलाइन उपस्थिति के बारे में जानकारी मिल पाएगी. उन्होंने बताया कि एमटीसी में ट्रीटमेंट के बाद 6 महीने तक मरीज के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग की जाती है, साथ ही बाकी स्वास्थ्य मानकों पर भी इस ऐप पर डाटा अपलोड किया जाएगा. जिला मुख्यालय स्तर पर कंसलटेंट, समाज कल्याण पदाधिकारी, रांची, प्रत्येक ब्लॉक पर डाटा मैनेजर, एएनएम और एमओआईसी इसकी मॉनिटरिंग करेंगे. iOTAS सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इस ऐप को विकसित किया गया है. इस दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रांची, डीआरसीएचओ, अनन्या सेठ, विभिन्न प्रखंडों की एएनएम आदि उपस्थित थे.

