गिरफ्तार नक्सलियों की निशानदेही पर कच्चे रास्ते से आठ केन बम बरामद
रांची:- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा-माओवादी के चार हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. गिरफ्तार चार में से दो नक्सली नाबालिग है.
सीआरपीएफ 60वीं बटालियन के कमांडेंट आनंद कुमार जेराई और चक्रधरपुर के एसडीपीओ नाथू सिंह मीना ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि माओवादी कमांडर अनमोल उर्फ सुशांत एवं सोगेन अंगरिया दस्ते के सक्रिय सदस्यों की गोईलकेरा थाना क्षेत्र के कुईडा क्षेत्र में सक्रिय होने की सूचना पुलिस को मिली. इस सूचना पर पुलिस और सीआरपीएफ जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर चारों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार दो नक्सलियों की पहचान 19वर्षीय सोलाय सुंडी और 21वर्षीय बबलू पूर्ति के रूप में की गयी है, जबकि दो अन्य गिरफ्तार नक्सली नाबालिग है.

