रांची: ट्रैफिक जुर्माना अब ई-कोर्ट के माध्यम से ऑनलाइन भरा जा सकेगा. यह व्यवस्था सात दिन में शुरू हो जायेगी. ई-कोर्ट सिविल कोर्ट परिसर में ही बनेगा, जिसका पूरा सेटअप ट्रैफिक विभाग का होगा.
ट्रैफिक एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग ने प्रधान न्यायायुक्त नवनीत कुमार को यह जानकारी दी है. ट्रैफिक जुर्माना भरने के लिए लग रही लंबी लाइन को देखते हुए हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस ने संज्ञान लिया था.
उन्होंने ट्रैफिक विभाग से बात कर लोगों को सुविधाएं देने व ऑनलाइन जुर्माना जमा करने की व्यवस्था करवाने का आदेश प्रधान न्यायायुक्त को दिया था. प्रधान न्यायायुक्त ने बैठक बुलायी थी, जिसमें एसीजेएम वैशाली श्रीवास्तव, ट्रैफिक एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग व डालसा सचिव अभिषेक कुमार शामिल थे.

