रांची: देश में किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लिए सतत प्रयास हो रहें हैं जिसमें सूचना तकनीक आधारित विपणन व्यवस्था कृषकों को प्लेटफार्म उपलब्ध कराकर उन्हें मदद पहुंचा रहा है.
कोरोना संकट काल में सामाजिक दूरी पर खास जोर दिया जा रहा है लेकिन रोजमर्रा की चीजों और सब्जियों की खरीदारी के लिए हमें बाजार जाना ही पड़ता है और वहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना कभी कभी असंभव सा लगने लगता है, तो सवाल उठता है करें क्या.
इस मुश्किल को आप ग्रामीण विकास विभाग की ओर से संचालित आजीविका फार्म फ्रेश मोबाइल ऐप के माध्यम से सॉल्व कर सकतें हैं. आजीविका फॉर्म फ्रेश के महेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस मोबाइल ऐप से जुड़े ग्राहकों को ऑनलाइन आर्डर मिलने पर उनके घरों तक ताजी सब्जियां तुरंत पहुंचा दी जाती हैं.
उन्होंने बताया की सब्जी बिक्री की इस ऑनलाइन व्यवस्था का एक और फायदा यह है कि इससे रांची और आसपास के किसानों को जहां इससे एक बड़ा बाजार मिल गया है वहीँ कोरोना काल में ग्राहकों को इससे उम्दा किस्म की साफ सुथरी और विषाणु मुक्त सब्जियां मिल पा रहीं हैं.

