रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 15 सीटों पर मतदान होना है. इसके लिए प्रचार आज शाम 3 बजे थम जायेगा. वोट 16 दिसंबर को डाले जाएंगे. इस चरण में 221 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है.
चुनाव मैदान में मंत्री, पूर्व मंत्री सहित कई विधायक खड़े हैं. जनता जीत का सेहरा किसके सर बांधती है, यह 23 दिसंबर को चुनाव परिणाम आने पर पता चलेगा.
लाल झंडा का आस्तित्व दांव पर
निरसा और बगोदर में लाल झंडा का आस्तित्व दांव पर लगा है. पिछले चुनाव में भाकपा माले के बिनोद सिंह को हार का सामना करना पड़ा था. भाजपा प्रत्याशी ने उन्हें हराया था. इस बार वापसी के लिए वे प्रयास कर रहे हैं. निरसा से मासस के अरुण चटर्जी के लिए सीट बचा पाने की चुनौती है. इस बार पूर्व वामपंथी रही भाजपा प्रत्याशी अपर्णा सेनगुप्ता से उनका भिड़ंत है.
देवरानी-जेठानी में लड़ाई
कोयला नगरी झरिया में इस बार देवरानी और जेठानी के बीच लड़ाई है. वर्तमान में भाजपा के टिकट पर संजीव सिंह यहां के विधायक हैं. वे अपने चचेरे भाई नीरज सिंह की हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं.
भाजपा ने उनकी पत्नी रागिनी सिंह को टिकट दिया है. कांग्रेस ने नीरज सिंह की पत्नी पूर्णिमा सिंह को मैदान में उतारा है.
भाजपा के कब्जे में सीट
इस चरण में जिन सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, उनमें से 12 सीटों पर फिलहाल भाजपा का कब्जा है. झामुमो, आजसू और मासस के पास एक-एक सीटें हैं. ऐसे में भाजपा के लिए वर्तमान आंकड़ा को कायम रखते हुए आगे बढ़ना चुनौती है. अन्य दल इस वर्चस्व को खत्म कर खुद की सीट बढ़ाने की कोशिश में जुटे हैं.
गठबंधन का लोचा
इस चुनाव में गठबंधन का लोचा भी है. भाजपा और आजसू के बीच नहीं जम पायी है. दोनों अलग-अलग होकर चुनाव लड़ रहे हैं. कई सीटों पर दोनों दलों के प्रत्याशी खड़े हैं. इसका नुकसान हो सकता है. इसके बागियों से भी दलों को खतरा है. झामुमो, कांग्रेस और राजद के बीच गठबंधन हो चुका है.
दलबदल कर मैदान में
इस चुनाव में दलबदल कर भी कई प्रत्याशी मैदान में हैं. सिंदरी से भाजपा के विधायक रहे फूलचंद मंडल इस बार झामुमो के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. वर्ष 2014 में चुनाव जीतने के बाद झाविमो के अमर बाउरी सहित कई विधायक भाजपा में शामिल हो गये थे. इस पर वे भाजपा की टिकट पर मैदान में हैं.
ये है समीकरण
-
बोकारो-
मुकाबला : बिरंची नारायण- भाजपा, श्वेता सिंह-कांग्रेस
2014 में जीत : बिरंची नारायण-भाजपा
अंतर : 72643 -
चंदनकियारी-
मुकाबला : अमर कुमार बाउरी-भाजपा, उमाकांत रजक-आजसू, विजय कुमार रजवार-झामुमो
2014 में जीत : अमर कुमार बाउरी-झाविमो
अंतर : 34164 वोट -
धनबाद-
मुकाबला : राज सिन्हा-भाजपा, मन्नान मल्लिक-कांग्रेस
2014 में जीत: राज सिन्हा-भाजपा
अंतर: 52997 -
गिरिडीह-
मुकाबला : निर्भय कुमार शाहाबादी-भाजपा, सुदीव्य कुमार-झामुमो
2014 में जीत: निर्भय कुमार शाहाबादी-भाजपा
अंतर: 9933 -
टुंडी-
मुकाबला : राजकिशोर महतो-आजसू, मथुरा प्रसाद महतो-झामुमो, विक्रम पांडेय-भाजपा, डॉ सबा अहमद-झाविमो
2014 में जीत: राजकिशोर महतो, आजसू
अंतर: 1151 वोट -
मधुपुर-
मुकाबला : राज पलिवार-भाजपा, हाजी हुसैन अंसारी-झामुमो, गंगा नारायण सिंह-आजसू
2014 में जीत: राज पलिवार-भाजपा
अंतर : 6884 वोट -
सिंदरी-
मुकाबला: इंद्रजीत महतो-भाजपा, फूलचंद मंडल-झामुमो,आनंद महतो-मासस
2014 में जीत: फूलचंद मंडल-भाजपा
अंतर: 6548 वोट -
देवघर-
मुकाबला : नारायण दास-भाजपा, सुरेश पासवान-राजद
2014 में जीत : नारायण दास-भाजपा
अंतर : 45152 -
जमुआ-
मुकाबला : केदार हाजरा-भाजपा, मंजू देवी-कांग्रेस
2014 में जीत: केदार हाजरा-भाजपा
अंतर: 23100 -
बगोदर-
मुकाबला : नागेंद्र महतो भाजपा, बासुदेव प्रसाद वर्मा-कांग्रेस, विनोद कुमार सिंह-भाकपा माले,अनूप कुमार पांडेय-आजसू
2014 में जीत : नागेंद्र महतो-भाजपा
अंतर: 4339 वोट -
निरसा-
मुकाबला : अरुप चटर्जी-मासस, अपर्णा सेनगुप्ता-भाजपा, अशोक कुमार मंडल-झामुमो
2014 में जीत: अरुप चटर्जी-मासस
अंतर: 1035 वोट -
डुमरी-
मुकाबला : जगरनाथ महतो-झामुमो, प्रदीप कुमार साहू-भाजपा
2014 में जीत : जगरनाथ महतो-झामुमो
मार्जिन : 32481 वोट -
झरिया-
मुकाबला : रागिनी सिंह-भाजपा, पूर्णिमा नीरज सिंह-कांग्रेस
2014 में जीत: संजीव सिंह-भाजपा
अंतर: 33692 -
बाघमारा-
मुकाबला : ढुल्लू महतो-भाजपा, जलेश्वर महतो-कांग्रेस
2014 में जीत: ढुल्लू महतो-भाजपा
अंतर: 29723 -
गांडेय-
मुकाबला : जयप्रकाश वर्मा-भाजपा, सरफराज अहमद-झामुमो
2014 में जीत: जयप्रकाश वर्मा-भाजपा
अंतर :10279

