रवि सिंह,
बिहार: बिहार में भारतीय जनता पार्टी 11 जून से जनसंपर्क अभियान शुरू कर रही है. इस अभियान में बीजेपी कार्यकर्ता लोगों से संपर्क करेंगे और मोदी सरकार-2.0 की उपलब्धियों को बताएंगे. यह अभियान एक साथ पूरे भारत में शुरू किया जा रहा है. इसके लिए पार्टी ने अपने बूथ स्तर के सप्तऋषियों को 25 घरों में जाने को कहा है. ये सप्तऋषि लोगों को मोदी सरकार-2.0 की उपलब्धियां गिनाएंगे और उनसे फीडबैक लेंगे. जनसम्पर्क अभियान के दौरान लोगों को पीएम मोदी की चिट्ठी और उपलब्धियों की बखान करती पुस्तिका भी दी जाएगी.
घर-घर पहुंचेगी पीएम मोदी की चिट्ठी
प्रधानमंत्री मोदी ने देश की जनता के नाम पर एक चिट्ठी लिखी है. इस चिट्ठी में 2019 से लेकर 2020 तक में किए गए कामों के बारे में चर्चा की गई है. प्रधानमंत्री ने जनता को प्रिय स्नेहीजन कहकर संबोधित किया है. इस चिट्ठी में ‘वन रैंक वन पेंशन’, ‘वन नेशन वन टैक्स’, ‘सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास’, जैसी उपलब्धियों का जिक्र है. साथ ही धारा 370, 35A, तीन तलाक, राम मंदिर निर्माण जैसे बड़े फैसलों के बारे में भी बताया गया. प्रधानमंत्री की इस चिट्ठी को बीजेपी कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में बांटेंगे.
उपलब्धियों से भरी पुस्तिका भी बांटी जाएगी
चिट्ठी के अलावा बीजेपी ने एक पुस्तिका भी बनाई है. इस पुस्तिका में पिछले 6 सालों में बीजेपी ने किस तरह से देश का विकास किया, उसकी चर्चा की गई है. साथ ही कोरोना संकट में प्रधानमंत्री की तरफ से दिए गए 20 लाख करोड़ के पैकेज की भी चर्चा है. इस आर्थिक पैकेज से किसको कितना फायदा मिल रहा है, इसका विस्तार से जिक्र है.

