नई दिल्ली: एक्ट्रेस से पॉलिटिशियन बनीं खुशबू सुंदर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं हैं. ऐसे में उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, गांधी परिवार को अपने बुलबुले से बाहर आना चाहिए. इससे पहले उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को भेजे इस्तीफे में बिना नाम लिए कई बड़े नेताओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे.
खुशबू सुंदर ने अपने इस्तीफे में लिखा था कि पार्टी में बड़े पदों पर कुछ ऐसे लोग बैठे हैं, जिनका जमीनी हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा, ये लोग सिर्फ मेरे जैसे लोगों को आदेश देने का काम कर रहे हैं, जो पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं, ऐसे लोगों को पीछे किया जा रहा है. इसके साथ ही खुशबू ने आरोप लगाया कि मेरे जैसे लोगों को आगे आने से रोका जा रहा है.
खुशबू सुंदर ने मीडिया को दिए अपने एक इंटरव्यू में कहा, गांधी परिवार को अपने द्वारा बनाए गए बुलबुले से बाहर आना होगा. जब तक वे बुलबुला नहीं फोड़ेंगे, तब तक वे इसी तरह पराजित होते रहेंगे.
अगर यही स्थिति बनी रही तो कांग्रेस खुद को विपक्ष में भी नहीं पाएंगी. उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी एक झूठी उम्मीद में जी रही है कि वे हर समय विपक्ष में बने रहेंगे. इस तरह वे विरोध करने का हक भी खो देंगे.

