निदेशक सूडा, उपायुक्त रांची, डीडीसी रांची सहित सभी पदाधिकारियों ने श्रमदान कर चलाया स्वच्छता अभियान
जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने लिया स्वच्छता शपथ
रांचीः रांची के रुक्का डैम किनारे से सोमवार को गंगा उत्सव 2020 कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. निदेशक सूडा अमित कुमार, उपायुक्त रांची छवि रंजन, उप विकास आयुक्त अनन्य मित्तल, एसडीएम रांची समीरा एस सहित उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने श्रमदान कर डैम के किनारे पर फैले कचरे की साफ – सफाई करते हुए गंगा उत्सव का शुभारंभ किया.
स्वच्छता अभियान के पश्चात निदेशक सूडा, उपायुक्त रांची सहित सभी पदाधिकारियों ने पौधारोपण कर क्लीन एंड ग्रीन का संदेश दिया. निदेशक सूडा एवं उपायुक्त रांची की अगुवाई में जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों तथा कर्मियों द्वारा श्रमदान कर डैम के आस-पास की साफ-सफाई की गई. साथ ही, सभी पदाधिकारियों द्वारा पौधारोपण किया गया.

रांची के डीसी छवि रंजन ने कहा, “डैम या जलश्रोतों की साफ-सफाई के लिए हम सभी को खुद को जागरुक रखना होगा. गंगा उत्सव जैसे कार्यक्रम आम जनमानस के बीच जागरुकता फैलाने हेतु आयोजित की जाती है और हमें अपने अलावा दूसरों को भी इस संबंध में जागरुक करना चहिए.
अभी जो भी लोग यहां उपस्थित हैं, वो सभी श्रमदान के दौरान यह याद रखें कि अभी यहां से जाने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि यहां किसी भी तरह का प्लास्टिक कचरा कम से कम नहीं दिखना चाहिए.
रांची वासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा, “जो भी लोग डैम के आस-पास या किनारों पर पिकनिक मनाने के लिए आते हैं, कृपया अपने साथ डस्टबिन बैग अवश्य लाएं और सभी कचरा जमा कर अपने साथ ले जाएं.
डैम के किनारे जहां-तहां कचरा नहीं फेंकें. इससे न सिर्फ हमारे जलश्रोत साफ रहेंगे अपितु देशभर में यह संदेश जाएगा कि रांची के लोग स्वच्छता के प्रति जागरुक हैं और अपने शहर को स्वच्छ रखते हैं.”
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने गंगा स्वच्छता शपथ लिया. साथ ही, कभी भी जलश्रोत के किनारे कचरा नहीं फैलाने एवं साल में 100 घंटा अपने आस पास के जलश्रोतों की सफाई के लिए दान करने की शपथ ली.

कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त रांची, डीएफओ रांची, एसडीएम रांची, अपर समाहर्ता रांची, डायरेक्टर एनईपी रांची, जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी रांची, जिला कृषि पदाधिकारी रांची, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित करमा पंचायत एवं ओरमांझी प्रखंड के जन प्रतिनिधि भी उपस्थित थे.

