रांची: झारखंड का गैंगस्टर अनिल शर्मा सोमवार को अपनी मां राम सुंदरी देवी के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ. स्वर्णरेखा घाट पर बड़ा बेटा होने के नाते अनिल शर्मा ने मां राम सुंदरी देवी को मुखाग्नि दी. भारी सुरक्षा के बीच अनिल शर्मा पुलिस गाड़ी से स्वर्णरेखा घाट पहुंचा था.
स्वर्णरेखा घाट में चुटिया और नामकुम थाना की पुलिस मौजूद थी. पूरा स्वर्णरेखा घाट सुरक्षा घेरे में तब्दील था. बताया गया है कि एक दिन के पेरोल पर गैंगस्टर अनिल शर्मा दुमका जेल से भारी सुरक्षा के बीच रांची स्थित आवास देर रात पहुंचा है. मां को मुखाग्नि देने के बाद अनिल शर्मा को वापस दुमका जेल लाया जायेगा.
इससे एक वर्ष पूर्व 13 अप्रैल 2019 को गैंगस्टर अनिल शर्मा के पिता नंदेश प्रसाद शर्मा का निधन हुआ था. पिछले 15 दिनों से वह राज अस्पताल में इलाजरत थे. उस समय भी अनिल शर्मा पेरोल पर दुमका जेल से रांची भारी सुरक्षा में आया था.
2 वर्ष पहले डीजीपी डीके पांडेय ने रांची एसएसपी, रामगढ़, हजारीबाग के एसपी को पत्र लिखकर अनिल शर्मा पर शिकंजा कसने का आदेश दिया था. डीजीपी ने अपने पत्र के माध्यम से एसपी को बताया था कि हजारीबाग जेल में बंद रहने के बावजूद अनिल शर्मा सक्रिय है.
उसके गुर्गे कोयला और जमीन कारोबारियों से पैसा वसूल रहे है. इसके बाद उसे हजारीबाग से दुमका जेल भेज गया था. गैंगस्टर अनिल शर्मा के खिलाफ राज्य के अलग-अलग थानों में कुल 23 मामले दर्ज है. पिछले 20 सालों से अनिल शर्मा जेल में बंद है.

