नई दिल्ली: श्रीनगर के लालचौक पर गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर तिरंगा फहराने वाले सभी देश भक्त पत्रकारों को केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वी के सिंह सम्मानित करेंगे. नई दिल्ली स्थित जनरल वी के सिंह के आवास पर तिरंगा सम्मान यात्रा का नेतृत्व करने वाले झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के संस्थापक शाहनवाज़ हसन, जितेंद्र सिंह चौहान, महेंद्र शर्मा एवं युवा कवियत्री अंकिता सिन्हा को बधाई देते हुये जनरल वी के सिंह ने कहा कि आप सभी की देश भक्ति की भावना को मैं नमन करता हूं.
उन्होंने कहा कि धारा 370 हटने के बाद कश्मीर में स्थिति सामान्य हो रही है और अब कश्मीरी भी मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं. श्रीनगर के लालचौक पर तिरंगा फहराया जाना इस बात का प्रमाण है. जनरल सिंह ने कहा कि तिरंगा सम्मान यात्रा में शामिल रहे सभी देश भक्त पत्रकारों को सम्मानित करेंगे.
ज्ञात हो कि झारखण्ड की राजधानी रांची से तिरंगा सम्मान यात्रा को 23 जनवरी को भाजपा विधायक अनंत ओझा और झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने रवाना किया था, 24 जनवरी की शाम केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा एवं भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने नई दिल्ली से लालचौक के लिये रवाना किया.
तिरंगा सम्मान यात्रा में शामिल सभी पत्रकारों ने श्रीनगर के लालचौक पर 26 जनवरी की सुबह 7 बजे तिरंगा फहराया. 26 जनवरी की शाम तिरंगा सम्मान यात्रा में शामिल पत्रकार दिल्ली के लिये रवाना हुये. दिल्ली में जनरल वी के सिंह ने यात्रा का नेतृत्व कर रहे शाहनवाज़ हसन सहित अन्य से मुलाकात की.

