दर्जन भर आयोग, बोर्ड व निगम में अध्यक्ष के पद खाली, लॉबिंग पर लॉबिंग
रांचीः हो जाएं तैयार, कुर्सी कर रही है इंतजार, जी हां यह रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट्स व नेताओं के लिए सुनहरा अवसर हैं. हालांकि इस रेस में शिक्षाविद् भी शामिल हो सकते हैं. जो कुर्सी इंतजार कर रही है वह बोर्ड-निगम व आयोग की है. दर्जनभर बोर्ड निगम व आयोग में अध्यक्ष का पद रिक्त है.
कुछ आयोग व बोर्ड निगम प्रभार में भी चल रहे हैं. जो बोर्ड निगम व आयोग में पद खाली पड़े हैं, उसके लिए लॉबिंग भी शुरू हो गई है. इसमें सबसे अधिक दिलचस्पी ब्यूरोक्रेट्स ही दिखा रहे हैं. यही वजह है कि ब्यूरोक्रेट्स भी इस खेल को बेहतर तरीके से खेलते हैं.
वरीय आईएएस अफसरों को बतौर बोर्ड-निगम में जगह देकर बेहतर रिटायरमेंट प्लान का तोहफा भी मिल जाता है. प्लान ऐसा कि पद, पैसे के साथ तीन व पांच साल के लिए बुक. इस वजह से अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ बोर्ड- निगम में जगह पाने से वंचित रह जाते हैं.
26 को जेपीएससी अध्यक्ष का कार्यकाल भी हो जाएगा समाप्त
26 सितंबर को जेपीएससी का भी कार्यकाल समाप्त हो जाएगा. वर्तमान में पूर्व मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी इसके अध्यक्ष हैं. 26 सितंबर को उनकी उम्र सीमा 62 साल हो जाएगी. ऐसे में उन्हें पद छोड़ना होगा.
इसके अलावा राज्य सूचना आयोग, झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग, झारखंड राज्य महिला आयोग, झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग, आरआरडीए, झारखंड कृषि विपणण पर्षद, झारखंड राज्य वन विकास निगम, झारखंड राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड में भी अध्यक्ष का पद रिक्त पड़ा है.

