नई दिल्ली: दिल्ली में कल यानी 24 दिसंबर से 1 रुपया में घर भेट खाना खाने को मिलेगा. पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर की पहल के कारण ये संभव होने जा रहा है. गंभीर ने पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर इलाके में ये एक जन रसोई खोलने की पूरी तैयारी कर ली है.
गुरुवार 24 दिसंबर से इस रसोई की शुरुआत कर दी जाएगी. दक्षिण भारत में अम्मा की रसोई की तरह ही इस रसोई में भी भरपेट खाना मिलेगा वो भी महज एक रुपये में. इससे गरीबों लोगों को कम कीमत में अच्छा और भरपेट खाना खाने को मिल सकेगा. बताया जा रहा है कि ये गौतम गंभीर का ड्रीम प्रोजेक्ट भी है.
दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं में इस प्रकार की रसोई खोलने की योजना बनाई गई है. हर रसोई में एक रुपये की थाली में एक प्लेट चावल, दाल और सब्जियां मिलेंगी. इसके लिए टोकन सिस्टम होगा. एक रुपेय का टोकन लेकर खाने की स्टॉल से लोग खाना ले सकेंगे.
इस कैंटीन का नियम है कि यहां पर ही लोगों को बैठकर खाना होगा. यहां पर पैकिंग सिस्टम नहीं होगा. यानी कोई भी यहां से खाना खरीद कर घर या कहीं और नहीं ले जा सकता. इस रसोई का खाना यहीं की कैंटीन में बैठकर खाना होगा. इस रसोई में आप जितना चाहे भरपेट खा सकते हैं. एक बार थाली का खाना खत्म होने जाने पर दूसरी बार लिया जा सकता है.
गुरुवार को पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर इलाके में बनी पहली ‘एक आशा जन रसोई’ का उद्धाटन गौतम गंभीर करेंगे. इस रसोई में तस्वीरों के जरिए गौतम गंभीर के क्रिकेट करियर का सफर देखने को भी मिलेगा. यहां पूरी रसोई में गंभीर के क्रिकेट के दिनों की कई तस्वीरें लगाई गई हैं. ये रसोई दिन में 4-5 घंटे तक के लिए खुलेगी. इसके बाद धीरे धीरे अन्य विधानसभाओं में भी इस प्रकार की रसोई खोलने की योजना है.

