दिल्ली: कोरोना वायरस महामारी के बीच देश के कई राज्यों में अब बर्ड फ्लू की खबरें सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और केरल के बाद देश की राजधानी दिल्ली में पक्षियों की संदिग्ध मौत के मामले सामने आने के बाद केजरीवाल सरकार एक्शन में आ गई है.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को आदेश जारी करते हुए कहा कि अगले 10 दिनों तक राजधानी की गाजीपुर मुर्गा मंडी बंद रहेगी. इसके अलावा दिल्ली में जीवित पक्षियों के आयात पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है.
अरविंद केजरीवाल ने बर्ड फ्लू को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा, ‘हम लोगों ने कुछ सैंपल जालंधर की लैब में जांच के लिए भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट कल तक आएगी. रिपोर्ट आने के बाद दिल्ली सरकार इस मामले में आवश्यक कार्यवाही करेगी.
बर्ड फ्लू पर दिल्ली सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है. घबराने की या चिंता की कोई बात नहीं है, स्थिति पर लगातार नजर है. अभी तक दिल्ली में एक भी कन्फर्म केस नहीं पाया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर आज से जीवित पक्षियों का दिल्ली में आयात बंद होगा और साथ ही अगले 10 दिन के लिए गाजीपुर मुर्गा मंडी बंद रहेगी.’

