गुना: कलेक्टर एस.विश्वनाथन द्वारा गुना शहर के विभिन्न वार्डों की सफाई का निरीक्षण किया गया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में भ्रमण कर मैट /दरोगा के हाजिरी रजिस्टर चेक कर सफाई कर्मचारियों की जानकारी भी ली.
इस अवसर पर उन्होंने स्लाटर हाउस की व्यवस्था देखी एवं वहां दुकानदारों की मांग पर स्लाटर हाउस की छत की टीन बदलवाने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पालिका सफाई अमले को निर्देशित किया कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक जगहों एवं सड़कों पर कचरा फेंकते पाया जाता है तो उसकी सूचना नगर पालिका के टोल फ्री नंबर 0 7542- 252622 पर सूचना दें. साथ ही उन्होंने कचरा फेंकने वाले व्यक्तियों पर जुर्माने की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए.
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर विश्वनाथन द्वारा विगत दिनों गुना शहर के विभिन्न वार्डों के निरीक्षण के दौरान हाट रोड एवं पोस्ट ऑफिस रोड से कचरे अड्डे हटाने के निर्देश दिए गए थे. उनका निरीक्षण किया तथा वार्ड क्रमांक 23, 24 एवं 25 में भ्रमण कर श्रीराम कॉलोनी एवं बालाजी हॉस्पिटल का कचरा हटाने के निर्देश दिए तथा उन सभी क्षेत्रों के कचरे अड्डे हटाकर भुजरिया तालाब के पास बने कचरा अड्डे पर ही एकत्रित करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिक परिषद संजय श्रीवास्तव सहित इंजीनियर भी मौजूद रहे.

