नई दिल्ली: भारतीय बाजार में लगातार सोने के दाम में गिरावट दर्ज की जा रही है. आज शुरुआती कारोबार में भी सोने के दाम 10 महीने के निचले स्तर के आसपास बने हुए हैं. मंगलवार को एमसीएक्स (MCX) पर सोना वायदा 0.41% गिरकर 46,400 प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी वायदा 1.26% गिरकर 66,140 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. अगस्त 2020 में सोना 56,200 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था. तब से अब तक सोना करीब 10000 रुपये सस्ता हो चुका है.
सोने के दाम में लगातार गिरावट के चलते ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सोने की मांग बढ़ी है. शादी के लिए भी सोने की खरीदारी हो रही है. ग्राहकों की संख्या में काफी इजाफा हुआ. यदि सोने के दाम और गिरते हैं तो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्लेटफॉर्म पर सोने की बिक्री बढ़ने का अनुमान है. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, मांग बढ़ रही है. कीमतों में गिरावट से खरीदारी में ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ी है. अर्थव्यवस्था भी खुल रही है, जिससे लोग सोने को दीर्घकालिक परिसंपत्ति वर्ग के रूप में देख रहे हैं.
सर्राफा बाजार में मंगलवार को गोल्ड के भाव 46,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. पिछले कारोबारी सत्र के दौरान सोना 0.03 फीसदी फिसलकर 46,580 प्रति 10 ग्राम के लेवल पर पहुंच था.
मंगलवार को चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट देखी गई. सराफा बाजार में चांदी वायदा 1.26% गिरकर 66,140 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. वहीं पिछले कारोबारी सत्र में कीमती धातु 0.15 फीसदी गिरकर 66,884 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई हैं.

