रांची: गोमिया विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर से मिलकर अपने विधानसभा क्षेत्र की पेयजल योजनाओं का हाल जाना. साथ ही विभिन्न लंबित विभागीय और जिला प्रशासन से संबंधित पेयजल योजनाओं को मंजूरी देने का आग्रह किया है.
उन्होंने मंत्री को इस बात से भी अवगत कराया है कि रोटन राइजर पाइप के अभाव में चापाकल मरम्मत का काम बाधित है. इसके साथ ही शहरी व ग्रमीण पाइप जलापूर्ति योजना का रखरखाव राशि के अभाव में नहीं ही रहा है.
उन्होंने मंत्री का ध्यान इस ओर भी आकृष्ट कराया की बजट सत्र में सरकार द्वारा घोषणा की गई थी कि प्रति पंचायत पांच- पांच चापानल विधायक की अनुशंसा पर लगाया जाएगा, मगर इसका अब तक कहीं अता-पता नहीं है.
उन्होंने मंत्री से इस मामले में गंभीर होने की अपेक्षा जताई .साथ ही उनसे पेटरवार प्रखंड के सभी गांव को पूर्ण पेय जल योजना से शत प्रतिशत अच्छादित करने के लिए योजना की मंजूरी दे कर इसे जमीन पर उतारने की दिशा में समुचित कार्रवाई करने की भी बात कही है.

