दिल्ली: देश में ICMR और भारत बायोटेक द्वारा तैयार कोवाक्सिन का ट्रायल जारी है, जबकि जायडस कैडिला ने भी वैक्सीन का ट्रायल शुरू कर दिया है. वहीं, ब्रिटेन, रूस, अमेरिका और चीन से भी वैक्सीन को लेकर अच्छी खबरें आ रही हैं. खबरों के मुताबिक, ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में तैयार वैक्सीन का पहले और दूसरे चरण का ट्रायल सफल रहा है. अब इस वैक्सीन का तीसरे और अंतिम चरण का ह्यूमन ट्रायल शुरू हो रहा है. भारत में भी इस वैक्सीन का बड़े पैमाने पर उत्पादन होगा.
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन का उत्पादन भारत में भी होना है. अग्रणी वैक्सीन निर्माता भारतीय कंपनी सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया इसका उत्पादन करेगी. लेकिन इससे पहले देश में वैक्सीन का ट्रायल भी होना है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त में इस वैक्सीन का इंसानों पर ट्रायल शुरू किया जाएगा और इसको लेकर सीरम इंडिया की ओर से तैयारी भी तेजी से चल रही है.
खबरों के मुताबिक, ह्यूमन ट्रायल के लिए मुंबई और पुणे के हॉटस्पॉट से 4,000 से 5,000 वॉलेंटियर्स का चयन किया जाएगा. सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया को उम्मीद है कि इस साल अक्तूबर-नवंबर तक कोविड की वैक्सीन तैयार कर ली जाएगी.

