दिल्ली: दुनिया में कोरोना संक्रमण के बढ़ रहे आंकड़ोें के बीच ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में तैयार किये रहे कोरोना वैक्सीन को लेकर अच्छी खबर आ रही है. टाइम्स नाउ के हवाले से खबर है कि वैक्सीन के ट्रायल में उम्मीदों से दोगुने अच्छे नतीजे सामने आये हैं. बताया जा रहा है वैक्सीन कोरोना के खिलाफ जरूर असर करेगी. मालूम हो ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी और ऐस्ट्राजेनेका ने एजेड1222 नाम की वैक्सीन तैयार की है.
जायडस कैडिला को कोविड.19 टीके का परीक्षण सात माह में पूरा होने की उम्मीद
भारत की दवा कंपनी जायडस कैडिला को उम्मीद है कि वह अपने कोविड.19 के संभावित टीके का क्लिनिकल परीक्षण सात महीने में पूरा कर लेगी. कंपनी के चेयरमैन पंकज आर पटेल ने यह जानकारी दी. कंपनी ने अपने कोविड.19 टीके का क्लिनिकल परीक्षण शुरू किया है. पटेल ने कहा कंपनी अगले तीन माह में चरण एक और चरण दो का क्लिनिकल परीक्षण पूरा करने की तैयारी कर रही है. उसके बाद इसका डाटा नियामक को सौंपा जाएगा.
उन्होंने कहा कि अध्ययन के नतीजों के बाद यदि डाटा उत्साहवर्धक रहता है और परीक्षण के दौरान टीका प्रभावी पाया जाता है तो परीक्षण पूरा करने और टीका पेश करने में सात माह का समय लगेगा. पटेल ने कहा कि हमारा मकसद सबसे पहले भारतीय बाजार की मांग पूरा करने का है.

