नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा 2021 की तारीखों का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है. सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2021 की डेटशीट कुछ ही दिन में जारी होने वाली है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने इसके बारे में आधिकारिक ऐलान किया है. डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने एक ट्वीट करके बताया है कि सीबीएसई बोर्ड एग्जाम 2021 की तारीख की घोषणा किस दिन और किस समय की जाने वाली है.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री निशंक ने ट्वीट कर कहा है कि 31 दिसंबर 2020 को शाम 6 बजे सीबीएसई 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा 2021 की तारीखों की घोषणा करेंगे. निशंक ने स्टूडेंट्स, पैरेंट्स, टीचर्स व स्कूलों से कहा है कि वे लेटेस्ट अपडेट्स के लिए उनके ट्विटर हैंडल को फॉलो करते रहें.
आपको बता दें कि साल 2020 में हुईं सीबीएसई की 10 वीं बोर्ड की परीक्षा में 18 लाख और 12 वीं बोर्ड परीक्षा में 12 लाख छात्र में शामिल हुए थे. इस बार भी करीब इतने स्टूडेंट्स के इन बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने की उम्मीद है.
इससे पहले परीक्षा को लेकर शिक्षा मंत्री ने 22 दिसंबर को शिक्षकों के साथ लाइव बातचीत में अपनी बात रखी थी. यहां उन्होंने परीक्षा का जिक्र करते हुए कहा था कि फरवरी 2021 में 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा का आयोजन हर साल होता आया है, पर इस साल कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखकर ये संभव नहीं लग रहा है.
ऐसे में माना जा रहा है कि मार्च आखिर या फिर अप्रैल के पहले सप्ताह में परीक्षा की तारीख तय हो सकती है. उन्होंने कहा था कि इस बारे में शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों से भी चर्चा करने के बाद सरकार कोई अंतिम निर्णय करेगी. परीक्षा की तीथियों को लेकर देशभर के सीबीएसई बोर्ड के छात्रों में उहापोह की स्थिति है.

