मुंबई: ईपीएफओ ने लाखों पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी दी है. दरअसल, ईपीएफओ ने कर्मचारी पेंशन योजना के तहत पेंशन फंड से आंशिक निकासी की सुविधा को बहाल करने के फैसले को लागू करने के बाद 105 करोड़ रुपये के एरियर के साथ 868 करोड़ रुपये की पेंशन को जारी कर दिया है.
25 सितंबर 2008 को या उसके पहले इस विकल्प का चुनाव करने वाले लोगों को इसका फायदा मिलेगा. बता दें कि पेंशन कम्युटेशन के अंतर्गत पेंशन में अगले 15 साल तक एक तिहाई की कटौती की जाती है.
जानकारी के मुताबिक पेंशनर्स को घटी हुई राशि को एक मुश्त दे दी जाती है. 15 साल बाद पेंशनभोगी पूरी राशि प्राप्त कर सकता है. बता दें कि अगस्त 2019 के दौरान श्रम मंत्री की अध्यक्षता में ईपीएफओ का फैसला लेने वाले शीर्ष निकाय केंद्रीय न्यासी बोर्ड की ओर से 6.3 लाख पेंशनभोगियों के लिए कम्युटेशन की सुविधा बहाल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी.
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार पहले कम्युटेड पेंशन को बहाल करने का कोई प्रावधान नहीं था. इसके अलावा पेंशनभोगियों को कम्युटेशन बदले में जीवनभर कम पेंशन मिलती थी.

