दिल्ली: रेलवे बोर्ड ने आज 39 नई ट्रेनों के लिए जोन को मंजूरी दे दी है. इन सेवाओं को जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा. रेलवे ने 11 जोन में 39 नई ट्रेनें चलाने की अनुमति दी है. रेलवे ने जिन ट्रेनों को अनुमति दी है उनमें 15 ट्रेनें हफ्ते में एक बार, 6 ट्रेनें हफ्ते में दो बार, 4 ट्रेनें हफ्ते में तीन बार चलेंगी. सात ट्रेनें ऐसी हैं जो हर रोज संचालित होंगी. 5 ट्रेनें दिल्ली से चलेंगी. वहीं अगर इन ट्रेनों के प्रकार की बात करें तो 18 एक्सप्रेस एसी ट्रेनें, चार एसी दुरंतो, तीन राजधानी, एक युवा एक्सप्रेस, 8 शताब्दी, एक वंदे भारत एक्सप्रेस और चार डबल डेकर ट्रेनें होंगी.
ट्रेन छूटने से पहले जारी होगा चार्ट
रेल यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने टिकट आरक्षण के नियमों में बड़ा बदलाव किया है. अब ट्रेनों में टिकट आरक्षण का दूसरा चार्ट ट्रेन के स्टेशन से छूटने से आधे घंटे पहले भी जारी किया जाएगा. जबकि रेलवे आरक्षण का पहला चार्ट ट्रेन के स्टेशन से छूटने से चार घंटे पहले जारी करता है.
रेलवे का यह फैसला अपने जोनल रेलवे के आग्रह पर किया गया है. दूसरा चार्ट जारी करने का मकसद पहले वाले रिजर्वेशन चार्ट में खाली सीटों पर ऑनलाइन अथवा टिकट खिड़की से टिकट बुक करना बंद करना है.

