रांची: झारखंड में अगले सात दिनों में मॉनसून के सामान्य रहने की संभावना है. मौसम पूर्वानुमान में अगले 48 घंटे में राज्य के विभिन्न स्थानों में अच्छी बारिश की उम्मीद है, जबकि 14 से 16 सितंबर तक बारिश में कमी आने की संभावना है.
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 1 जून से 10 सितंबर तक राज्य में औसत से करीब 12 प्रतिशत कम बारिश हुई. उन्होंने बताया कि राज्यभर में इस अवधि में 803 मिमी बारिश हुई, जबकि औसत रूप से इस दौरान 909 मिमी बारिश होती है.
इस दौरान रामगढ़ जिले में सामान्य से अधिक बारिश हुई. वहीं 10 जिलों में सामान्य से कम और 13 जिलों में सामान्य बारिश हुई. उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह विभिन्न स्थानों पर वज्रपात भी हुई.
मौसम पूर्वानुमान में बताया कि 11 व 12 सितंबर को राज्य में विभिन्न स्थानों पर बारिश होगी, जबकि 14 से 16 सितंबर के बीच बारिश में कमी आएगी. उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह में भी मॉनसून के सक्रिय रहने की उम्मीद है.

