नई दिल्ली: खुदरा मुद्रास्फीति की दर 7.35 फीसदी तक पहुंच जाने को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि इस मामले पर प्रधानमंत्री जवाब दें तथा सर्वदलीय बैठक बुलाकर मंहगाई कम करने की रूपरेखा बताएं.
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि ‘शासन नहीं विभाजन’ भाजपा का नया नारा बन गया है. उन्होंने कहा मोदी सरकार ने महंगाई और बेरोजगारी के रूप में देश को दो बड़े धोखे दिए हैं. खाने पीने की वस्तुएं महंगी हो गई हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते थे अबकी बार महंगाई पर वार अब वह चुप बैठे हैं.
उन्होंने दावा किया महंगाई डायन की तरह बढ़ती जा रही है. सब्जी के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं कि वह लोगों की पहुंच से बाहर हो गई है. अब तो ऐसा लगता है कि शाकाहारी होना ही पाप हो गया है. गरीब आदमी की जिंदगी बहुत मुश्किल हो गई है. देश की गृहणियों के लिए और भी मुश्किल हो गई है. कांग्रेस नेता ने कहा पिछले एक साल में 50 लाख नौकरियां चली गई हैं. सिर्फ भाजपा की आय में 1450 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री शासन नहीं, विभाजन करने में लगे हैं. भाजपा का नारा शासन नहीं, विभाजन बन गया है. सुरजेवाला ने कहा प्रधानमंत्री तत्काल विपक्षी दलों की बैठक बुलाएं और देश को विश्वास में लें.
वह बताएं कि अगले 30 दिनों में महंगाई को काबू में करने के लिए उन्होंने क्या रूपरेखा बनाई है. गौरतलब है कि खुदरा मुद्रास्फीति की दर दिसंबर, 2019 में जोरदार तेजी के साथ 7.35 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच गई है. यह भारतीय रिजर्व बैंक के संतोषजनक स्तर से कहीं अधिक है. खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी की वजह से खुदरा मुद्रास्फीति में उछाल आया है.

