अगली बैठक 4 जनवरी को
नई दिल्ली:- नए कृषि कानूनों को लेकर किसान नेताओं और केंद्र सरकार के बीच आज हुई बैठक में दो मुद्दों पर सहमति बनी है. सरकार ने किसानों की दो मांगों को मंजूर कर लिया है. बाकी बचे मुद्दों पर अगली बैठक 4 जनवरी को होनी तय हुई है.
बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि किसानों के दो मुद्दों पर मांगों को मंजूर कर लिया गया है. सरकार किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) जारी रहने की भी लिखित गारंटी देगी. सरकार ने किसानों की समस्या सुलझाने के लिए एक संयुक्त कमेटी बनाने का प्रस्ताव दिया, लेकिन इसे किसान नेताओं ने मानने से इनकार कर दिया.
पिछले 35 दिनों से किसान केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली के कई बॉर्डर पर अनशन कर रहे हैं. किसानों की समस्याओं के हल के लिए 40 किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और सरकार के बीच आज छठे दौर की बातचीत हुए.
ऑल इंडिया किसान सभा के बलकरण सिंह बराड़ ने बताया कि सरकार ने बिजली के प्रस्तावित बिल को वापिस ले लिया है. पराली के मामले में सरकार ने अध्यादेश जारी किया था, उसे भी वापिस ले लिया है. MSP और कृषि क़ानूनों पर 4 तारीख को बात होगी.

