रांची: झामुमो विधायक समीर कुमार मोहंती के एक अन्य प्रश्न के उत्तर में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है.
समीर मोहंती के प्रश्न के उत्तर में लिखित रूप से उन्होंने बताया कि बहरागोड़ा क्षेत्र में एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एक ट्रामा सेंटर के अलावा तीन अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 38 स्वास्थ्य उपकेंद्र संचालित है, जहां चिकित्सा पदाधिकारियों, एएनएम और अन्य पारामेडिकल कर्मियों की मदद से क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है.
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बहरागोड़ा क्षेत्र में स्थित स्वास्थ्य केंद्रों में वाह्य कक्ष, अंतः कक्ष, प्रसव की सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में स्थित सभी स्वास्थ्य केंद्रों में मूलभूत सुविधा के साथ-साथ तकनीकी सुविधा एवं अनुभवी चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति करेगी.

