चतरा: दो दिवसीय दौरे पर चतरा पहुंचे राज्य के श्रम नियोजन व प्रशिक्षण मंत्री सत्यानन्द भोक्ता ने चतरा और हंटरगंज प्रखंड क्षेत्र में वन एवं पर्यावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया. चतरा सदर प्रखंड के उंटा ग्राम स्थित सत्यानन्द भोक्ता इंटर कॉलेज, चतरा महाविद्यालय व हंटरगंज प्रखंड के रामनारायण सिंह इंटर व डिग्री महाविद्यालय में स्वयं से वृक्षारोपण किया.
इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री भोक्ता ने कहा कि कटते वन को लेकर भारत सरकार कड़े कदम उठा रही है. वन क्षेत्र से प्रत्येक वर्ष साल, सखुआ, सागवान व बेशकीमती जैसे वृक्ष धीरे धीरे कटते जा रहे है. पूरा क्षेत्र रेगिस्तान में तब्दील होता जा रहा है.
यही हाल फलदार वृक्षों का भी हो रहा है, जिसके कारण ऑक्सीजन की कमी हो गयी है. ऑक्सीजन की कमी होने के कारण लोग बीमार हो रहे हैं. इसका सबसे ज्यादा प्रभाव झारखंड राज्य में हुआ है. इस कमी को दूर करने की आवश्यकता है. मंत्री भोक्ता ने कहा कि जंगल है तो जन है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि शादी, जन्मदिन औऱ सालगिरह के अवसर पर लोग दस- दस वृक्ष लगाएं.

