नई दिल्ली: देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1383 नए मामले सामने आए हैं और 50 लोगों की मौत हुई है.
इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 19,984 हो गई है, जिसमें 15,474 सक्रिय हैं, 3870 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 640 लोगों की मौत हो गई है. आज राजस्थान में 64, आंध्र प्रदेश में 56, गुजरात में 94 और कर्नाटक में सात नए मामले सामने आए हैं.
Also Read This: हेलीकॉप्टर खरीद घोटाला मामला: SC ने की मिशेल की जमानत याचिका खारिज
सरकार ने जारी किया अध्यादेश
स्वास्थ्यकर्मियों पर हमला करने पर पांच साल तक की जेल होगी और तीन लाख तक होगा जुर्माना भी हो सकता है. कोरोना संकट के दौरान कई जगहों से स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा की खबरें आ रही हैं. अब इस मामले पर केंद्र सरकार ने कड़ा कदम उठाया है. अब मेडिकल टीम पर हमला करने वालों को इसके लिए कड़ी सजा दी जाएगी.
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मेडिकल टीम के खिलाफ हिंसा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जावड़ेकर ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हमला करने वालों को 3 महीने से 5 साल तक सजा होगी.
जावड़ेकर ने बताया गंभीर हमला है तो हमलाकर्मी को 6 महीने से 7 साल की सजा का प्रावधान है. इसके अलावा हमलावर को जुर्माना के रूप में 1 लाख से 5 लाख तक देना होगा. केंद्रीय मंत्री ने बताया अगर स्वास्थ्यकर्मियों की गाड़ी को या क्लीनिक को कोई नुकसान पहुंचाता है तो उसे स्थिति में हमला करने वालों से जो बाजार वेल्यू होगा उसका दो गुनी रकम उससे वसूला जाएगा.
बिहार में पांच और नए मामले
बिहार में पांच और नए मामले सामने आए, संक्रमितों की संख्या 136 हुई बिहार स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव संजय कुमार ने बताया कि राज्य में पांच और व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 136 हो गई है. इनके संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है.
डॉक्टरों और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अधिकारियों के साथ बातचीत
अमित शाह ने आईएमए अधिकारियों से की बात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए डॉक्टरों और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के अधिकारियों के साथ बातचीत की. उन्होंने उनके अच्छे काम की सराहना की. उन्होंने उन्हें सुरक्षा का आश्वासन भी दिया और उनसे अपील की कि वे प्रस्तावित प्रतीकात्मक विरोध न करें, सरकार उनके साथ है.
गौरतलब है कि आज रात नौ बजे आईएमए ने विरोध स्वरूप मोमबत्ती जलाने की घोषणा की है.

