रांची: भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सांसद सुनील सिंह ने कहा कि झारखंड से बेरोजगारी को दूर करने के लिए, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर लघु कुटीर उद्योग स्थापित करने की आवश्यकता है.
यहां के वनोपज, सब्जियां, फल के प्रोसेसिंग से किसानों की आर्थिक स्थिति को तेजी से सुधारा जा सकता है. 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो, इस दृष्टि से राज्य सरकार द्वारा सार्थक पहल और प्रयास करने की आवश्यकता है.
सिंह ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा घोषित यह 20 लाख करोड़ का आत्मनिर्भर भारत पैकेज इस दिशा में अत्यंत सहायक सिद्ध हो सकता है. सिंह ने हेमंत सरकार से शिघ्र कार्ययोजना बनाकर मार्ग प्रशस्त करने की मांग की.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के पूर्वी क्षेत्र के विकास की चिंता प्रारम्भ से ही की है. केंद्र सरकार हर संभव सहायता के लिए भी तत्पर है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को आत्म प्रशंसा की होड़ से बाहर निकलकर राज्य से स्थायी तौर पर पलायन को रोकने, बेरोजगारी को कम करने की दिशा में आत्मनिर्भर भारत पैकेज का लाभ लेना चाहिये.

