लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने चीन के साथ हुये भारतीय सेना के संघर्ष पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुये कहा कि सरकार और विपक्ष दोनों को इस मामले पर एकजुटता के काम करना चाहिये.
मायावती ने कहा कि ऐसा कदम उठाया जाये जो देश दुनिया को दिखे व प्रभावी सिद्ध हो. यही नहीं बसपा सुप्रीमो इस ट्वीट के जरिये सरकार के समर्थन में दिखाई दीं.
बसपा प्रमुख ने ट्वीट करते हुये लिखा कि ”अभी हाल ही में 15 जून को लद्दाख में चीनी सेना के साथ हुए संघर्ष में कर्नल सहित 20 सैनिकों की मौत से पूरा देश काफी दुःखी, चिन्तित व आक्रोशित है.
इसके निदान हेतु सरकार व विपक्ष दोनों को पूरी परिपक्वता व एकजुटता के साथ काम करना है जो देश-दुनिया को दिखे व प्रभावी सिद्ध हो.”
उन्होंने ट्वीट के अगले हिस्से में लिखा कि चीन के खिलाफ सरकार उचित कदम उठाये. यही नहीं उन्होंने लिखा कि ये पूरी तरह सरकार के ऊपर छोड़ देना चाहिये है वह क्या कार्रवाई करती है.
अपने ट्वीट में बसपा प्रमुख ने लिखा कि ”ऐसे कठिन व चुनौती भरे समय में भारत सरकार की अगली कार्रवाई के सम्बंध में लोगों व विशषज्ञों की राय अलग-अलग हो सकती है, लेकिन मूल रूप से यह सरकार पर छोड़ देना बेहतर है कि वह देशहित व सीमा की रक्षा हर हाल में करे, जो कि हर सरकार का दायित्व भी है”.

