-
राज्य के लगभग दो लाख किसानों को मिलेगा लाभ
रांची: राज्य में फल, फूल और सब्जी उगाने वाले किसानों के लिए खुशखबरी है. क्योंकि, राज्य सरकार अब इन फसलों को भी बीमा योजना में शामिल करने की योजना बना रही है. कृषि विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है.
राज्य सरकार की इस नयी पहल से सूबे के लगभग दो लाख किसानों को इसका लाभ मिलेगा. जानकारी के अनुसार सूबे में इन फसलों की खेती करीब एक लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में की जाती है.
कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने बताया कि धान के फसल बीमा में अच्छा अनुभव नहीं रहा है. मंत्री ने कहा है कि बीमा कंपनियों को बीमा से पहले कुछ शर्तों को पूरा करना होगा ताकि आगे अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके.
अभी तक बीमा कंपनियों ने फसल बीमा के नाम पर 466 करोड़ रुपए लिए हैं, जिसमें से 77 करोड़ ही पीड़ितों को मिला. ऐसे में अब किसानों को अधिक से अधिक लाभ देने की तैयारी है.
बनेगा किसान राहत कोष:
कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान राहत कोष का निर्माण कर रही है, जिसके तहत किसी भी तरह की फसल में क्षति होने पर तत्काल किसानों को इस कोष से राहत दी जा सके.
मंत्री ने बताया कि इस कोष को 100 करोड़ रुपए की राशि से बनाया जा रहा है. खासकर उन किसानों को इससे लाभ मिलेगा जो बीमा की राशि का लंबा इंतजार नहीं कर सकते, जो छोटे व सीमांत किसान हैं.
इधर, रांची के जिला सहकारिता पदाधिकारी मनोज कुमार बताते हैं कि नई फसल बीमा योजना से सब्जी, फल और फूल की खेती को बढ़ावा मिलेगा.
फूल की खेती अभी तक सबसे कम क्षेत्र में होती है, लेकिन इस पहल के बाद किसान फूलों की खेती में अधिक काम करेंगे, जिससे राज्य को बंगाल व दूसरे राज्य के फूलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

