रांची: झारखंड में कोरोना के कारण गत मार्च महीने से बंद स्कूलों को खोलने की दिशा में सरकार विचार कर रही है. इसके तहत 9वीं से 12वीं तक के क्लास पहले चरण में खोले जायेंगे. राज्य शिक्षा परियोजना द्वारा इस सिलसिले में प्रस्ताव आपदा प्रबंधन को भेज दिया गया है. ऐसे में एक बार फिर सरकारी स्कूलों में रौनक लौटने वाली है.
राज्य शिक्षा परियोजना कार्यालय में शिक्षा सचिव राहुल शर्मा की मौजूदगी में हुई बैठक में जहां स्कूलों के खोलने पर विचार किया गया. वहीं विभागीय कामकाज की भी समीक्षा की गई. कोरोना को देखते हुए पहले चरण में स्कूलों में केवल 9वीं से 12वीं तक के बच्चों को शिफ्ट में बुलाकर पढ़ाया जाएगा.
एक बार में क्लास में अधिकतम 12 बच्चे ही मौजूद रहेंगे. इसके लिए क्लास की संख्या स्कूलों में बढ़ाना होगा. कोरोना से बचने के लिए स्कूलों में सैनिटाइजर, थर्मल स्कैनिंग के अलावा मास्क लगाना भी अनिवार्य होगा.
शिक्षा विभाग द्वारा तैयार प्रस्ताव को आपदा प्रबंधन की सहमति के लिए भेजा गया है, जिसे वहां से जल्द ही हरी झंडी मिलने की संभावना है. इधर स्कूल प्रबंधनों ने भी अपने-अपने स्तर से खोलने की तैयारियां शुरू कर दी हैं.
मैट्रिक- इंटर परीक्षा को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने इन क्लास को खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है. मकसद ये है कि आगे बोर्ड परीक्षा देने वाले ये बच्चे क्लास रूम की पढ़ाई का भी लाभ उठा सके.

