खास बातें:-
-
रन-ओ-थॉन जैसे कार्यक्रमों से फिट इंडिया का कंसेप्ट झारखंड में तेज रफ्तार से आगे बढ़ेगा
-
फिट इंडिया रन-ओ-थॉन से नई ऊर्जा मिलती है
-
स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरुकता जरुरी
रांचीः सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि आज के इस भौतिकतावादी युग में अपने शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखना हम सभी के लिए बड़ी चुनौती है. जब हम और आप फिट रहेंगे तो राज्य और देश भी फिट रहेगा. ये बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में फिट इंडिया रन-ओ-थॉन कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि के रुप में संबोधित करते हुए कही.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से हमें नई ऊर्जा मिलती है. यह हमें अपने स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरुक करता है. इस तरह के कार्यक्रम का झारखंड में पिछले पांच सालों से लगातार आयोजित होना हम सभी के लिए गौरव की बात है. मुख्यमंत्री ने कहा कि फिट इंडिया का कंसेप्ट झारखंड में तेज रफ्तार से आगे बढ़ेगी.
रन–ओ-थॉन के कई आयाम हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि रन-ओ-थॉन जैसे कार्यक्रमों के कई आयाम होते हैं. इस तरह के कार्यक्रम सिर्फ शारीरिक फिटनेस के लिए नहीं है, बल्कि इससे कई और चीजें भी जुड़ी हुई हैं. इस तरह के आयोजनों से समाज में बेहतर माहौल बनाने का मौका मिलता है.
खेलों को बढ़ावा मिलने के साथ इस क्षेत्र में छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने आने का मौका मिलता है. फिटनेस के लिए लोगों को जागरुक करने का संदेश मिलता है. इतना ही नहीं, हम सभी में सकारात्मक सोच के लिए भी ताकत भी मिलती है.
खेलों में झारखंड बन सकता है अव्वल राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. बस इन प्रतिभाओं को निखारने की जरुरत है. सरकार इस दिशा में खिलाड़ियों को पूरा सहयोग करेगी.
उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से लगातार आयोजित करने से बेहतरीन रिजल्ट सामने आएंगे और झारखंड खेलों की दुनिया में देश का अव्वल राज्य बन सकता है. मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि अगली बार जब वे इस कार्यक्रम में आएंगे तो इससे कई और नई चीजें भी जुड़ी होंगी. उन्होंने इस आयोजन के लिए आयोजनकर्ताओं एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं और बधाई दी.
झारखंड में खेलों के लिए है बेहतरीन आधारभूत संरचना
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेलों के लिए विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना उपलब्ध है. इन आधारभूत संरचनाओं के बेहतर से बेहतर उपयोग करने व खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है, ताकि यहां से निकलने वाले खिलाड़ी अपने प्रदर्शन ने राज्य का नाम देश-दुनिया में रौशन कर सकें.
तीन श्रेणियों में आयोजित, 6 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों ने लगाई दौड़
झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग और राउंड टेबल इंडिया की ओर से आयोजित रन-ओ-थॉन के पांचवे संस्करण में देश के साथ विदेशों से आए एथलीटों ने हिस्सा लिया. तीन श्रेणियों में आयोजित रन-ओ-थॉन में लगभग छह हजार पार्टिसिसपेंट्स ने दौड़ लगाई.
ज्ञात हो कि 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की श्रेणी में यह आयोजित की गई. मुख्यमंत्री ने फिट इंडिया रन-ओ-थॉन के विजेताओं को प्राइज मनी देकर सम्मानित किया. इसके अलावा 21 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की श्रेणी में दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को मेडल प्रदान किया गया.
इस मौके पर पर्यटन, खेलकूद और युवा कार्य विभाग के सचिव राहुल शर्मा, खेल निदेशक अनिल कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक नवीन कुमार सिंह, टीआरआई के निदेशक रणेन्द्र कुमार सिंह, झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मधुकांत पाठक, रेस डायरेक्टर मनप्रीत सिंह राजा के अलावा राउंड टेबल इंडिया से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद थे.

