रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने हैदराबाद से विशेष ट्रेन से 1200 कामगारों के वापस झारखंड लौटने का मार्ग प्रशस्त करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह वित्तमंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के प्रति आभार व्यक्त किया है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रदेश प्रभारी आर0पी0सिंह ने भी इस संबंध में केंद्र सरकार से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की थी और अब केंद्र सरकार से गाइडलाइन मिलते ही राज्य सरकार की ओर से अपने सीमित संसाधनों के माध्यम से बाहर में फंसे श्रमिकों को वापस लाने का काम शुरू कर दिया गया है.
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि श्रमिकों के वापस लौटने के साथ ही राज्य सरकार की ओर से उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत कार्य योजना बनायी गयी है.
ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने मनरेगा योजना को लेकर नया गाइडलाइन जार किया है, ताकि अधिक से अधिक रोजगार का सृजन हो सके. श्रमिकों को उनके गांव में ही रोजगार मिलेगा.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह खाद्य आपूर्ति मंत्री की ओर से वापस लौटने वाले सभी प्रवासी श्रमिकों के लिए भोजन और राशन की समुचित व्यवस्था का निर्देश दिया है.
वहीं कृषि मंत्री बादल ने मौसम की वजह से किसानों की फसलों का जो नुकसार हुआ है, उसके आकलन का भी निर्देश दिया है और किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जाएगी.
दूसरी तरफ स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के निर्देश पर क्वारंटाइन सेंटर में सभी आवश्यक सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है और जांच की भी समुचित व्यवस्था की गयी है,ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े.

