रांची:- गणतंत्र दिवस के मौके पर झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने झंडोततोलन किया और मिलीजुली परेड की सलामी ली. इस मौके पर विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकी भी निकाली गयी. जबकि इस बार कोरोना वायरस संक्रमण के कारण कई खास सतर्कता बरती गयी.
झंडोत्तोलन के बाद राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार महिला महिला सुरक्षा के प्रति सजग और गंभीर है. राज्य की महिलाओं के सशक्तीकरण हेतु 181 हेल्पलाईन की शुरूआत की गयी है. इस हेल्पलाईन के द्वारा राज्य में किसी भी प्रकार के हिंसा से पीड़ित अथवा अन्य किसी भी परिस्थिति में फंसी महिला को अविलंब सहायता प्रदान की जायेगी. हेल्पलाईन नंबर 181 एक एकीकृत हेल्पलाईन है, जो 24 गुणा 7 कार्य करेगा. इसके माध्यम से महिलाओं को पुलिस, विधिक सहायता, मेडिकल, एम्बुलेंस सेवा जैसी आपातकालीन सेवायें उपलब्ध करायी जायेंगी. महिलाओं को ये सारी सहायता एक स्थान पर ही उपलब्ध हो सके, इस उद्देश्य से सखी वन स्टॉप सेंटर का संचालन राज्य के प्रत्येक जिले में किया जा रहा है. साथ ही इसके माध्यम से महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी. उन्होंने कहा कि महिलाओं के अवैध एवं अनैतिक व्यापार की रोकथाम, पीड़ितों के बचाव, पुनर्वास, पुनर्समेकण एवं स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने हेतु राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है. इस निमित संचालित उज्ज्वला योजना अन्तर्गत पलामू प्रमंडल मुख्यालय (मेदिनीनगर) एवं उत्तरी छोटानागपुर प्रमण्डल मुख्यालय (हजारीबाग) में उज्जवला होम स्थापित किया गया है. अन्य तीन प्रमण्डल मुख्यालयों में उज्ज्वला होम की स्थापना शीघ्र की जायेगी.
उन्होंने कहा कि झारखंडवासियों के धैर्य और अनुशासन के साथ कोरोना योद्धाओं के सहयोग से राज्य में कोरोना महामारी का कुप्रभाव काफी हद तक कम किया गया है. उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और अब जेपीएससी की सभी परीक्षाएं कैलेंडर के अनुसार आयोजित की जाएगी.
गणतंत्र दिवस पर विभिन्न विभागों की झांकी निकाली गयी. इन झांकियों के माध्यम से विभिन्न विभागों ने अपनी उपलब्धियों और राज्य की गौरवमय तस्वीर पेश की. इनमें से सूचना जनसंपर्क विभाग की झांकी को पहला पुरस्कार मिला. इस झांकी के माध्यम से परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का के योगदान को दिखाया गया था. दूसरा पुरस्कार पेयजल स्वच्छता विभाग की झांकी को मिला. इसमें जल जीवन मिशन योजना को दिखाया गया. तीसरा पुरस्कार परिवहन विभाग की झांकी को मिला, जिसमें सड़क दुर्घटना से बचाव का संदेश दिया गया था.
राज्यपाल ने वॉर मेमोरियल पहुंच कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी
इससे पहले राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने रांची के बूटी मोड़ के निकट स्थित वॉर मेमोरियल पहुंच कर शहीदों को नमन किया. राज्यपाल ने शहीद बेदी स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी.

